आठ साल पुराने दोस्त संग शादी रचाएगी भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी नेहा गोयल, माँ को लेकर कही बड़ी बात
Neha Goyal: भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी नेहा गोयल अपने आठ साल पुराने दोस्त सुनील कुमार के साथ 24 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। हाल ही में एशियन हॉकी चैंपियनशिप जीतकर लौटने के बाद उनकी शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
23 नवंबर को उनकी मेहंदी की रस्म उनकी कोच और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान प्रीतम सिवाच के घर आयोजित होगी। वहीं, 24 नवंबर को सुनील बारात लेकर सोनीपत पहुंचेंगे।
नेहा का बचपन चुनौतियों से भरा रहा। उनके पिता के निधन के बाद उनकी मां ने परिवार चलाने के लिए फैक्टरी में काम किया। नेहा के परिवार में तीन बहनें हैं, और उनकी मां ने साइकिल के कारखाने में नौकरी करके बेटियों को सपने पूरे करने का हौसला दिया।
नेहा ने छठी कक्षा में हॉकी खेलना शुरू किया। पहली बार जूते और कपड़ों के लिए मैदान पर गई नेहा को कोच प्रीतम सिवाच ने उनकी प्रतिभा के कारण तुरंत प्रशिक्षण देना शुरू किया। उनके कोच की मेहनत और नेहा के दृढ़संकल्प ने उन्हें इंटरनेशनल स्तर तक पहुंचाया।
नेहा और सुनील की मुलाकात 2015 में अंडर-17 नेशनल टूर्नामेंट के दौरान हुई। धीरे-धीरे दोनों का रिश्ता मजबूत होता गया। सुनील ने नेहा के करियर में कई मुश्किल समय पर उनका साथ दिया, खासकर 2015 की इंजरी के दौरान।
2018 के एशियाई खेलों के बाद नेहा ने अपनी कोच प्रीतम सिवाच को अपनी लव स्टोरी के बारे में बताया। उनकी कोच ने उन्हें करियर पर फोकस करने की सलाह दी। नेहा ने खेल में सफलता हासिल करने के साथ अपने रिश्ते को भी मजबूत बनाए रखा।
नेहा गोयल ने अपने संघर्ष और मेहनत से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम में अपनी पहचान बनाई। रेलवे में नौकरी करते हुए उन्होंने कई टूर्नामेंट में देश का नाम रोशन किया। नेहा ने कहा कि उनकी मां ने उनके सपनों को पूरा करने के लिए अपने जीवन की हर सुविधा त्याग दी। शादी के बाद भी वह अपनी मां को अकेला नहीं छोड़ेंगी और उन्हें अपने साथ रखेंगी।